सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

एक भारत श्रेष्ठ भारत और ‘रामायण’ ‘महाभारत’ का भारत।


भारत के भौगोलिक विस्तार का परिचय कक्षा 10 तक करा दिया जाता है। भारत के सांस्कृतिक विस्तार का परिचय कराए जाने का सरकारी प्रयास अधूरे मन से किया जाता रहा है। भारत के भौगोलिक और सांस्कृतिक आयामों को दर्शाने का स्वर्णिम अवसर भारत सरकार रामायण और महाभारत दिखा कर खो रही है।
भारत के संविधान के बनने की प्रक्रिया और उसके बहस का हुबहू नाट्य रूपांतरण लोकसभा और राज्यसभा टीवी के पास है। भारत के प्रशासनिक बंटवारों के इतिहास और वर्तमान को लेकर न जाने कितनी सारी रोचक जानकारियों से लबरेज सामग्री हमारे प्रसार भारती के पास है।
अरब सागर में स्थित लोगों को मुख्य भूमि का और मुख्य भूमि के लोगों को उन द्वीप समूहों के जनजीवन से परिचित कराने वाले कर्यक्रमों के प्रसारण को आसानी से अभी प्रोत्साहित कर लोगों को देश को जानने समझने का माहौल बनाया जा सकता है।
बंगाल की खाड़ी में आबाद 36 भारतीय द्वीपों का परिचय हम सब घर बैठे पा सकते हैं सामूहिक तौर से सचेत होकर सयास प्रयास से ऐसा कर हम अपने बीच की मानसिक दूरियां मिटा सकते हैं।
भिन्न भिन्न राज्यों की जनजातियों से परिचय कराता हुआ हर डिजिटल नाट्य और तथ्यात्मक कार्यक्रम टेलीविजन पर लोगों के लिए उपलब्ध करा नस्लीय भेदभाव का समूल नाश कर सकते हैं।
भारत कैसे अपनी भिन्न अस्मिताओं में साथ साथ रहते हुए इस जुड़ाव को महसूस करता है इसे हम बिना किसी साझे दुश्मन की उपस्थिति में भी कैसे बनाये रखें इसका एक स्वर्णिम अवसर हम खो रहे हैं।
हरियाणा पंजाब के लोगों को जब सुदूर अरुणाचल की जनजातियों के बारे में परिचय होगा और वो परिचय एक भारतीय का दूसरे भारतीय के अलग होने को प्रोत्साहित करने की दिशा में मुड़ेगा तो सोचिये कैसे स्थानिकता के आधार पर होने वाले भेदभाव अपने आप ही मिट जायेंगे।
जब हिंदी भाषाई जनता तमिल और मलयालम भाषाई साहित्य का आस्वादन करेगी तो उन्हें महसूस होगा कैसे हम भावनात्मक तौर पर एक हैं, भले ही हमारी अभिव्यक्ति का तरीका अलग है आराधना पद्धति अलग है, खान पान अलग होने के भौतिक कारण हैं, पर जीवन जीने का संघर्ष एक है।
गुजरात और महाराष्ट्र को बिहारी और उतर प्रदेश की स्थिति का आभास होगा भैया जी बोलने के  मिठास का पता चलेगा, पूर्वांचलियों को भाऊ और मोटा भाई के आदर से परिचित कराया जाएगा तो स्थानीय ओछी राजनीती पर लगाम कसने में अधिक मेहनत नहीं करनी होगी।
कश्मीर भारत का अखंड हिस्सा भावनात्मक समझदारी से मन के धरातल पर बनाया जा सकता है।
उत्तर पूर्व को समझाया जा सकता है कि खान पान रहन सहन के कितने अलग अलग रूप भारत के मैदानी इलाके में भी पग पग पर हैं।
हमारे दूरदर्शन के पास इस तरह का सम्वाद स्थापित करने का भरपूर साहित्य है। टेलीविजन और रेडियो के माध्यम से प्रसार भारती एक भारत के सम्वाद को अलग अलग रागों में बखूबी परोस सकती है। हम सब अपनी अपनी ढपली लेकर भी कैसे “मिले सुर मेरा तुम्हारा ... तो सुर बने हमारा” का राग गुनगुनाते रहें मन से भीतर से स्वत:, इसे सुनिश्चित किया जा सकता है।
धर्म की आढ़ में हम अपनी समस्याओं को कब तक छुपाते रहेंगे। अपने आपको जानेगा भारत तभी तो भारत के हर कण और हर अंश को अपना मानेगा भारत और रुकेगा हमारा आपसी महाभारत।
सरकारी स्तर पर निजी तौर से हम सभी अपने अपने सांस्कृतिक विभेद को आदर दिलाने के प्रति सजग हो एक मनोवैज्ञानिक रिक्तता को भरने के लिए प्रयास कर सकते हैं इन बचे हुए 16 दिनों में।
भिन्न भाषी सांसद अपनी अपनी मातृभाषा में अपने अपने प्रतिनिधि क्षेत्र के बारे में उस स्थान के बारे में डिजिटल तरीके से छोटा छोटा वीडियो क्लिप साझा कर सकते हैं जिसे स्थान विशेष की भाषा में अनूदित कर हर क्षेत्र का हर क्षेत्र का परिवेश के परिचय कराया जा सकता है।
रामायण और महाभारत की वास्तविक प्रासंगिता भी यही है कि राम को वनवास दिया गया तो उन्होंने अयोध्या छोड़ा और जंगल की समस्याओं को एक एक कर निपटाया। महाभारत में कृष्ण ने अर्जुन को कर्मयोग का ज्ञान तब दिया जब अर्जुन अपना गांडीव अपनों के मोह में नहीं उठा पा रहा था और अर्धसत्य तब कहलवाया युध्ष्ठिर से जब ऐसा करना जरूरी था।
समय की मांग यही है अभी हम वनवास में वनवास की समस्या पर ध्यान दें लॉकडाउन से होने वाली परेशानी के बारे में सजग हो कर सोचें अपने भारत के स्वभाव को जाने ताकि आगे जब भी ऐसे निर्णय लिए जाएँ तो हम धर्म की आढ़ में छुपे न बल्कि वास्तविकता से सामना करें।
हमारी स्वास्थ्य सुविधाएँ कहाँ कैसी है ? हमारे शिक्षण की व्यवस्था कैसी है ? इस तरह के प्रश्नों की ओर सामूहिक मनोविज्ञान को ठेला जा सकता है, पर नहीं हमें तो भैया अपने अतीत में ही गोता लगाना है। हमारे अतीत के भारतवासियों ने कर लिया अपने समय का महान काम अभी हम क्या कर रहें हैं? कैसे से हैं ? इस पर सामूहिकता से विचार कराने के प्रयास की जगह हम फिर से घुस रहे हैं पलायन की 5000 साल पुरानी परम्परा में।

टिप्पणियाँ

  1. उम्दा लेख भैया । लेकिन मेरे विचार से फिलहाल भारत के आम जनमानस को engage करने की फिलहाल जरूरत थी, जो राम कृष्ण जैसे घर घर मे विख्यात पात्र ही कर सकते थे।

    जवाब देंहटाएं
    उत्तर
    1. सही खा सौरभ, ये पात्र विख्यात हैं, पर मैं उसी धारा को तोड़ने की बात कर रहा हूँ जहाँ हम गाये हुए गीत को छोड़कर नई दिशाओं की ओर अपनी सामूहिक ज्ञान धारा को मोड़ सकते हैं|

      हटाएं

एक टिप्पणी भेजें

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

कोरोना से धर्म की बातें

पूरी दुनिया कोरोना से बचाव और संघर्ष में है। हमें अपने इस नये शत्रु से संवाद करना चाहिए! ये बहुत सी ऐसी बातें समझा रहा है जिसे यदि हमने नहीं समझा तो ये फिर आएगा हमें जतलाने की “बॉस यू आर नोट द बॉस” तुम हिन्दू हो, मुस्लिम हो, ईसाई हो, अमेरिकी हो चीनी हो तुम अन्तरिक्ष मापी हो, तुम ईश्वर के जनक हो पर तुम बॉस नहीं हो!! विज्ञान की परिभाषा के अनुसार कोरोना एक अदना सा प्रोटीन अणु है जो शरीर में आकर जैविक परिवर्तन से सक्रिय हो जाता है। पर हमें विज्ञान से क्या हम तो अल्लाह की कयामत और ईसा का शाप ही मानेगें। जब पूरी दुनिया की सत्ताएं पहली बार मन्दिर मस्जिद की सीमाओं को सही समझ चुकि हैं, जिस समय परमार्थ के लिए नैतिकता ही काफी है किसी धर्म का दंड नहीं ऐसे में सोशल मीडिया पर मुर्खता की सभी हदें पार करती हुई न जाने कैसी कैसी बातें आपको देखने को मिल जायेंगी। कुछ लोग कहेंगे ऐसे लोग हर दौर में होते हैं! बस यही समझना है हमें कि हमें हर दौर से आगे बढ़ के सोचना होगा। कोरोना ने हमें हमारी हैसियत याद दिलाई है। हमें हमेशा यह याद रखने के लिए कहा है कि जब जीवन आपसे शुरू नहीं हुआ तो आप पर ही खत्म कैसे ह...

लोकतंत्र में भ्रम और भ्रमों का लोकतंत्र

“भारत और उसके विरोधाभास”  यह पुस्तक 2014   से पहले के आंकड़ों के माध्यम से भारतीय शासन व्यवस्था की स्थायी खामियों की विवेचना है, क्योंकि यह एक दृष्टि है । 2014 से अब तक आंकड़ों में थोड़े बदलाव आये हैं पर जिस दृष्टि की अपेक्षा आज है उसे ये पुस्तक तब तक प्रासंगिक बनाये रखेगी जब तक हम उस तरह से देखना शुरू न कर दें । भारत के विकास में लगातार जिन बहसों और मुद्दों को राजनीति से लेकर मीडिया तक के गलियारे में दोहराया जाता है। किस प्रकार से वह तमाम मुद्दे एक बेईमान और अर्थलिप्सा में डूबे हुए वर्ग की प्रतिध्वनि है इसका उत्तर यह पुस्तक देती है। भारत के अभावग्रस्त नागरिकों के हक़ और कम अभावग्रस्त जनता का अपने लिए सरकारी फायदों को मोड़ा जाना ही भारतीय शासन का स्थायी चरित्र हो गया है, इसके तमाम उदाहरण यह पुस्तक हमारे सामने रखती है। वंचितों के किस मांग और किस समस्या को भारतीय मध्यमवर्गीय अधिकार क्षेत्र ने अपना माना है और क्यों माना है इसके पीछे के सभी पहलुओं पर यह पुस्तक एक सटीक टिप्पणी है। पेट्रोलियम अनुदान, खाद अनुदान, आभूषण निर्माण पर अनुदान, बिजली पर अनुदान यह सब किस प्रकार से...

तालाबंदी से नाकेबंदी तक सहयोग से सवाल तक

अभी हम सब घर पर बैठे-बैठे तरह-तरह के भावों से भरे हुए हैं। भय, क्रोध, चिंता अनिश्चित्ता के माहौल में हम सरकार के सहयोग और सरकार के खिलाफ़ होने के तौर पर फिर बंट रहे हैं। कुछ लोग मोदी के फैसले लेने के समय और योजना का गुणगान कर रहे हैं कुछ मीन मेख निकाल कर योजना और समय की आलोचना कर रहे हैं। एक बात जिस पर हम सब सहमत हैं वो ये कि हम सब सामान्य स्थिति में नहीं हैं और इस आसामन्य स्थिति में हमें एक दूसरे के सहयोग की जरुरत है। मजदूर वर्ग की त्रासदी के प्रति सरकार को तालाबंदी करने से पहले एक बार सोचना चाहिए था? हमारा आर्थिक स्वभाव जब असंगठित क्षेत्र पर ही आधारित है, जब आपके पास इसकी पूरी सूचना है की हमारे अर्थतंत्र में दैनिक तौर से कमाई कर खाने वाले लोगों की हिस्सेदारी ज्यादा है!! जब आपको पता है कि आपने ही वादा किया है कि २०२२ तक आप सबको घर देंगे? तो ऐसे में तालाबंदी लगाने के प्रयोजन के पीछे के मनोविज्ञान पर सवाल बनता है! और ये सवाल यकीन मानिये देश हित के खिलाफ नहीं है! गलती कहाँ हो रही है? एक राष्ट्र के तौर पर हम परिसंघीय व्यवस्था में काम करते हैं, जैसे हमारा मीडिया मोडिया हो गया...