सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

मर्दाना महफ़िल का शोर- भारत(माता) की चित्कार!

मर्दाना महफ़िल का शोर- भारत(माता) की चित्कार!  

धारा 370 एक ऐसी धारा जिस पर ना जाने कितनी बहस , कितने वाद प्रतिवाद हुए हैं| भारत और उसकी गणराज्य संबंधी संकल्पना में एक दरार कहिये या एक सिलाई पैबंद कहिये बहस के दोनों पक्षों का केंद्र यही रहता था|
दक्षिण पंथी राजनीति के भारतीय स्वरूप में स्वतंत्रता से लेकर आज के उत्कर्ष तक कश्मीर और 370 एक अहम् मुद्दा रहा है| यदि सूक्ष्म तौर से आप इसके मानसिक विश्लेषण पर जाएं तो आपको सबसे अहम् जिस बात पर गौर करने का अवसर मिलेगा वह यह है कि भारतीय जनसंघ या भारतीय जनता पार्टी या शिवसेना और यहाँ तक की कांग्रेस और तमाम मुख्य धारा का मीडिया कश्मीर के धारा 370 की बहस को लेकर जितना मुखरित रहते हैं उतना शायद उत्तर -पूर्व भारत की विशेष स्थिति या दुर्दशा को लेकर नहीं रहते, न ही उस क्षेत्र की स्त्री समर्थक या कहें हिंदी पट्टी की खामियों से रहित  संस्कृति का कहीं उल्लेख करते हैं, पर कश्मीर की चर्चा पूरे भारत को जोश से भर देती है और कश्मीरी जनता के स्थान पर पकिस्तान के प्रति एक हिंसा या कहें स्वभाविक बदले की भावना केंद्र में आ जाती है|
ऐसा क्यों है कि हम बंगलादेश के प्रति इतना सघन और तीव्र प्रतिक्रिया से नहीं भरे जबकि सांस्कृतिक और भाषीय सम्बन्ध में ‘ए पार बांग्ला ओ पार बांग्ला’ का रुदन और आन्दोलन हमारे इतिहास के पाठ्यक्रम में दर्ज है|
पाकिस्तान के कब्जे का कश्मीर और चीन के कब्जे की भूमि हमारे राष्ट्रीय अहं का वो चित्रण और वर्णन है जो सामूहिक मानस में इस तरह से बैठा दिया गया है कि जैसे वो हमारी राष्ट्रीय धरोहर हो जिसे किसी भी हालत में बचाना जरुरी है और यही काम पाकिस्तान की सरकार ने अपने जनमानस के लिए किया है और चीन की सरकार अपने नागरिकों के प्रति उत्तरदायी हो इसका कोई भ्रम हमें नहीं रखना चाहिए|
तीनों देश आपस में उस मर्दाना महफ़िल के सत्ता को साबित करने पर तुले हैं जो मध्यकाल में सामंती व्यवस्था के रीढ़ की हड्डी थी| भारतीयता का वही मर्दाना दबदबा आज सत्ता के शिखर पर है जो चीन और पकिस्तान में बहुत पहले से सत्ता में है|
धारा 370 को हटाना एक राष्ट्रीय आवश्यकता के तौर पर हम सभी को महसूस होती रही है क्या हमने कभी जानने की कोशिश की है कि भारत के कितने राज्यों को भारतीय गणराज्य में शामिल करने के लिए तत्कालीन तौर पर क्या क्या सहूलियत/शर्तें दी गई? क्यों दी गई? भारत के संविधान की खूबी यही है कि वह आपने आप में  आपको कारण देता है कि आप उसे मानिए और इसी कारण हम सब अपनी स्थानीयता के साथ भारतीय बने हुए हैं|  
धारा 370 को हटाने का फैसला एक महत्वपूर्ण और साहसिक फैसला है जिसके लिए हम सभी को सरकार की तारीफ़ और समर्थन में रहना चाहिए पर समर्थन हटाने की प्रक्रिया का भी किया जाए ऐसा जरूरी नहीं|
लोकतंत्र का एक नागरिक यदि प्रक्रिया का समर्थन नहीं करेगा, संवैधानिक संस्थानिक लोकतंत्र के महत्व को रेखांकित नहीं करेगा तो वह नागरिक नहीं अपितु राजनैतिक अभिकर्ता(एजेंट) बन जाएगा और इसका परिणाम यह होगा की हम संवैधानिक भावनाओं के स्थान पर भीड़ भावना से देश को संचालित करने को एक सही मार्ग मान बैठेंगे जो न केवल लोकतंत्र की मूल भावना से हटना होगा अपितु सरकार और नागरिक के अस्तित्व पर भी खतरा होगा|
बहुमत का अर्थ सही मत नहीं होता कश्मीर से वैवाहिक सम्बन्ध की जिस लहजे में चर्चा सामने आई है वह दर्शाती है कि हम कितने पिछड़े हुए हैं, सर्वजनिक तौर से किसी ने ऐसा नहीं कहा की मैं अपनी बहन/बेटी की शादी अब कश्मीरी लड़के से करूँगा ? रोटी बेटी का सम्बन्ध जिन राज्यों में समान संस्कृति है वहां भी जातीयता विभेद करती है, राज्य छोड़िये एक जिला एक गाँव एक क़स्बा आस पड़ोस भी रोटी बेटी के सम्बन्ध के प्रति कैसी प्रतिक्रिया देता है ये हम सभी जानते हैं|
विजातीय अंतर्धार्मिक विवाह को सार्वजनिक तौर से समर्थन देने के लिए ऐसा कोई आन्दोलन चले, तो क्या कोई राजनेता या आम आदमी उसके लिए अपनी बेटी या बहन को उसकी मर्जी से शादी करने की अनुमति देगा हो सकता है दे भी पर कितने प्रतिशत लोग ?
सोशल मीडिया का उन्माद वही मर्दाना उन्माद है जो युद्ध के बाद महिलाओं को जीते हुए वस्तु की तरह वर्गीकृत करता है क्या हम कश्मीर से युद्ध में थे ? क्या कश्मीरियों से युद्ध में हैं? क्या कश्मीरियत को 370 हटने के बाद हम समझने की कोशिश करेंगे ?
“बिहारी” का संबोधन अब भी हरियाणा और राजस्थान के लोगों के लिए सम्मान का संबोधन नहीं है आपस में उन्हें एक दूसरे को नीचा दिखाना हो तो ‘ बिहारी’ कहते हैं, महाराष्ट्र की राजनीति में भैया का संबोधन भी इसी श्रेणी में है, ऐसे ही कई क्षेत्रीय संबोधन तमाम तरह के पूर्वाग्रहों से भरे हुए हैं|
हर धर्म, हर जाति, हर स्थान, हर भाषाओं के प्रति हम अपनी ही धारणाओं से भरे हुए हैं| बहती हुई हवा उन्हीं धारणाओं को पुष्ट कर रही है, वैधता दे रही है| मैने अपने बचपन से अब तक न जाने कितने लोगों को बच्चों को बड़ों को अपनी जातीयता और स्थानीयता से कुंठित हो अपने मूल पहचान को छुपाते हुए देखा है|
हम सभी अनजाने में अहं के मर्दाना महफ़िल में शोर मचाना शुरू कर देते हैं कभी भारत की माता उसके मनोभूमि के प्रति संवेदनशील नहीं होते| हम आपस में कितने जुड़े हुए हैं इसका आधार कोई कानून या धारा नहीं कर सकती हम राजनीति से ऊपर उठकर एक देश वास्तविक अर्थ में तभी बनेंगे जब एक दूसरे के पहचान का सम्मान करना सीख जायेंगे|
राम और काली , दुर्गा और भवानी के साथ शीतला माता और अन्ज्नेया के स्वरूप को समझने का प्रयास करिये| कोई नारा किसी और के नारे से कमजोर कोई स्थान किसी और स्थान से पवित्र कोई धर्म किसी और धर्म से कट्टर कोई संबोधन किसी और संबोधन से कम या ज्यादा इसीलिए हो जाता है क्योंकि हम सब अपने अहं को संतुष्ट करने के लिए कमजोर, अल्पमत, अल्पसंख्यक को छोड़ कर मजबूत प्रबल और बलशाली पक्ष में अपना पक्ष तलाश लेते हैं|
कश्मीर एक राजनैतिक उन्माद की प्रतिक्रिया को झेल रहा है जिसमें चीन भारत और पकिस्तान तीनों आपने मर्दाना उन्माद के आदिकालीन अहं को संतुष्ट कर रहे हैं| 

टिप्पणियाँ

  1. ��������, A complete short note about Kashmir with a flash on critical condition going on in India.

    जवाब देंहटाएं
  2. Very sensible approach to understand this highly critical situation of Kashmir

    जवाब देंहटाएं
  3. राष्ट्र-राज्य का मेनलैंड फ्रंटियर क्षेत्रो के प्रति सामान्य भाव नही रख सकता. विशेषकर एशिया के कई क्षेत्रों में यह बात बार-बार दिखती है. कुछ इतिहासकार ज़ोमिया के कंसेप्ट से इसे समझने का प्रयत्न कर चुके है. ज़ोमिया यानी दक्षिण एशिया के राष्ट्र राज्यो के फ्रंटियर या बॉर्डर लैंड्स का क्षेत्र जो मेनलैंड को संदेह की नज़रों से देखता है और वो संदेह ही एतिहासिक तौर पर उसकी खुद की विशेषताओं और दोनो के बीच के अंतरसंबंधों को परिभाषित करता रहा है.
    लेकिन वही इतिहासकार राष्ट्र-राज्यो के बढ़ते प्रभाव और उनकी अथाह ताकत के दौर में ऐसे क्षेत्रों के भविष्य और उनके इतिहास में एक ब्रेक को अवश्यम्भावी देखते है. मेरी समझ मे इस 'ब्रेक' का स्वरूप केवल फ्रंटियर क्षेत्रो के मुस्तकबिल को ही तय नही करेगा बल्कि राष्ट्र-राज्यो के भाग्य की गीली मिट्टी पर भी अपने हाथों के निशान छोड़ेगा.

    जवाब देंहटाएं

एक टिप्पणी भेजें

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

कोरोना से धर्म की बातें

पूरी दुनिया कोरोना से बचाव और संघर्ष में है। हमें अपने इस नये शत्रु से संवाद करना चाहिए! ये बहुत सी ऐसी बातें समझा रहा है जिसे यदि हमने नहीं समझा तो ये फिर आएगा हमें जतलाने की “बॉस यू आर नोट द बॉस” तुम हिन्दू हो, मुस्लिम हो, ईसाई हो, अमेरिकी हो चीनी हो तुम अन्तरिक्ष मापी हो, तुम ईश्वर के जनक हो पर तुम बॉस नहीं हो!! विज्ञान की परिभाषा के अनुसार कोरोना एक अदना सा प्रोटीन अणु है जो शरीर में आकर जैविक परिवर्तन से सक्रिय हो जाता है। पर हमें विज्ञान से क्या हम तो अल्लाह की कयामत और ईसा का शाप ही मानेगें। जब पूरी दुनिया की सत्ताएं पहली बार मन्दिर मस्जिद की सीमाओं को सही समझ चुकि हैं, जिस समय परमार्थ के लिए नैतिकता ही काफी है किसी धर्म का दंड नहीं ऐसे में सोशल मीडिया पर मुर्खता की सभी हदें पार करती हुई न जाने कैसी कैसी बातें आपको देखने को मिल जायेंगी। कुछ लोग कहेंगे ऐसे लोग हर दौर में होते हैं! बस यही समझना है हमें कि हमें हर दौर से आगे बढ़ के सोचना होगा। कोरोना ने हमें हमारी हैसियत याद दिलाई है। हमें हमेशा यह याद रखने के लिए कहा है कि जब जीवन आपसे शुरू नहीं हुआ तो आप पर ही खत्म कैसे ह...

तर्क की प्रसुप्ति का दौर

सोनू निगम ने १६ अप्रैल को तीन ट्विट किये जिनमें एक धर्म विशेष की प्रार्थना पद्धति  पर सवाल था और सवाल भी समस्या की मुद्रा में था| ऐसा सवाल जो तटस्थ रूप से सभी धर्मों के हुल्लड़बाजी और पर्वों में बढ़ते शोर शराबे की प्रकृति  पर था| तीन ट्वीट की श्रृंखला को सम्पूर्णता से देंखे तो ये सवाल धर्म की आंतरिक पवित्रता की अपेक्षा उसके बाह्य कर्मकांड पर था|      जितना मैं धर्म को समझ पाया हूँ यह मुझे आंतरिक शांति प्राप्त करने का व्यक्तिगत साधन ही लगा है जिसे हम सामूहिकता के दायरे में विवेचित करते रहें हैं| लोगों ने इस पर तमाम तरह की विभिन्न प्रतिक्रियाएं दी जिनमे सोनू निगम के राजनीतिक मौका परस्ती का भाव और इस्लाम को लक्षित करने की सहजता के समय को लेकर ही बहुमत ने अपना पक्ष रखा | यहाँ मुद्दा ये नहीं  है कि सोनू निगम ने इस्लाम को ही लक्षित क्यों किया ट्वीट की श्रृंखला में अन्य धर्मों की चर्चा तो है ही साथ ही ये सोशल मीडिया की प्रवृति पर लोकतंत्र की वास्तविक वयस्कता को लेकर भी है आज हम जब सामाजिक संजाल तंत्र के युग में हैं जहाँ सब किसी भी विषय पर अपनी प्रतिक्...

अभिव्यक्ति स्वतंत्रता के मुख पर जाभी

अभिव्यक्ति स्वतंत्रता के मुख पर जाभी मूलभूत अधिकारों के केंद्र में स्वयं को व्यक्त करने का अधिकार है, जिसका अर्थ है उन्मुक्त अभिव्यक्ति, परन्तु मानव के मुक्त अभिव्यक्ति का अधिकार केवल बोलने का अधिकार नहीं है| हम सभी स्वयं को विभिन्न तरीके से व्यक्त करते हैं| एक बच्चा जब तक बोलना नहीं सीखता तब तक अपनी भूख और अन्य आवश्यकताओं को रोकर व्यक्त करता है| आपके वस्त्र भी आपके व्यक्तित्व को व्यक्त करतें हैं| व्यक्ति के व्यक्तित्व के अपने गुण-धर्म होते हैं जो उसे व्यक्त करतें हैं| विरोध का प्रत्येक स्वर अभिव्यक्ति को जाहिर करता है | अभिव्यक्ति की संस्कृति में व्यक्तिगत लक्षण, सामुदायिक पहचान और शायद राष्ट्रवादियों की प्रथा एवं हम क्या खाते हैं सब समाहित है| बोलकर हम केवल अपने भावों का और विचारों का संवाद करते हैं, उस समय की इक्षा के गुण- धर्म को व्यक्त करते हैं| ऐसी अभिव्यक्ति संक्रमणकाल  की अभिव्यक्ति होती है, जो आंशिक अभिव्यक्ति है स्वयं को उन्मुक्त होकर व्यक्त करना हीं मूलभूत और आवश्यक व्यक्तिगत अधिकार है| यह निश्चित तौर पर सचेत होकर विचार करने का विषय है कि अभिव्यक्ति किसी के लिए ह...